मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने जम्मू-कश्मीर की डेटा मैनेजमेंट रणनीति की समीक्षा की
जम्मू,, 18 जुलाई (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर में डिजिटल शासन को अधिक प्रभावी और नागरिक सेवाओं को सरल बनाने की दिशा में मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने प्रस्तावित 'डेटा मैनेजमेंट स्ट्रेटेजी एंड एक्शन प्लान' की समीक्षा की। इस रणनीति का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों के बीच सुरक्षित, पारदर्शी और एकीकृत डेटा प्रणाली विकसित करना है ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार एक ही दस्तावेज जमा न करने पड़ें।
उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि डिजिटल युग में सुशासन के लिए प्रमाणिक, मानकीकृत और सुरक्षित डेटा व्यवस्था बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए जा रहे आंकड़ों का बेहतर उपयोग तभी संभव है, जब उन्हें एक समान ढांचे के तहत सुरक्षित तरीके से साझा किया जाए।
उन्होंने सभी प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिए कि वे डेटा मानकीकरण, मेटाडाटा मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षित डेटा आदान-प्रदान प्रणाली को अपनाने में पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की गोपनीयता, डेटा सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में योजना विभाग ने प्रस्तावित रणनीति के पांच प्रमुख स्तंभों—डेटा गवर्नेंस एवं मानक, बेस रजिस्ट्रियां एवं यूनिक आइडेंटिफायर, इंटरऑपरेबिलिटी एवं हार्मोनाइजेशन, डेटा सुरक्षा एवं गोपनीयता तथा संस्थागत क्षमता एवं समन्वय—पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
मुख्य सचिव ने सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (सीआरएस) को जेएंडके बैंक से जोड़ने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की। इसके तहत मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के पात्र लाभार्थियों के बीमा दावों की प्रक्रिया स्वतः शुरू हो सकेगी, जिससे परिजनों को अलग से आवेदन नहीं करना पड़ेगा।
इसके अलावा, सीआरएस को स्वास्थ्य, समाज कल्याण और स्कूल शिक्षा विभाग से जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस व्यवस्था के तहत जन्म पंजीकरण के साथ ही बच्चों के लिए पोषण, टीकाकरण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ स्वतः शुरू किया जा सकेगा।
मुख्य सचिव ने स्कूलों, अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सरकारी संस्थानों का एकीकृत डिजिटल डाटाबेस तैयार करने तथा चरणबद्ध तरीके से इस पूरी योजना को लागू करने के निर्देश भी दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

