जम्मू-कश्मीर भाजपा नेताओं ने ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत का किया स्वागत
जम्मू, 28 फ़रवरी (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने वाली जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम को बधाई दी और इसे केंद्र शासित प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने इस जीत को जम्मू-कश्मीर के हर नागरिक के लिए गौरवपूर्ण और भावुक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत क्षेत्र के युवाओं की अपार प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि ने जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर मजबूती से स्थापित कर दिया है।
उन्होंने इस जीत को केंद्र शासित प्रदेश में क्रिकेट के स्वर्ण युग की शुरुआत बताया। उन्होंने आगे कहा कि यह हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का प्रमाण है और अनगिनत युवा खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगा।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने इस जीत को केंद्र शासित प्रदेश के खेल इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बहुप्रतीक्षित सफलता वर्षों की लगन और स्थानीय प्रतिभा पर अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत महज एक ट्रॉफी नहीं बल्कि दृढ़ता और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारे क्रिकेटरों ने यह साबित कर दिया है कि एकाग्रता और अवसर मिलने पर कुछ भी असंभव नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि इस जीत ने पूरे क्षेत्र के हर घर में गर्व और खुशी का माहौल बना दिया है।
सुनील शर्मा ने सफलता की मजबूत नींव रखने में कोचिंग स्टाफ, चयनकर्ताओं, सहायक कर्मचारियों और क्रिकेट प्रशासकों की महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने खेल अवसंरचना को और मजबूत करने जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने और निरंतर संस्थागत समर्थन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि जम्मू-कश्मीर के अधिक से अधिक युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने भी इन्हीं भावनाओं को दोहराते हुए कहा कि यह जीत युवाओं में एकता, टीम वर्क और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उभरती प्रतिभाओं के पोषण के लिए निरंतर प्रोत्साहन और सुनियोजित विकास कार्यक्रम आवश्यक हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

