home page

जम्मू-कश्मीर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत एसीबी की ओर से यूथ पार्लियामेंट का आयोजन

 | 

जम्मू,, 29 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को ईमानदारी तथा पारदर्शिता का संदेश देने के उद्देश्य से एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी जम्मू-कश्मीर की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि रखी गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में ईमानदारी, जवाबदेही तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा देना है।

यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के महत्व से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को अपनी बात रखने, सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

एंटी करप्शन ब्यूरो की इस पहल का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना भी है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि आम नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। समाज में ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए लोगों का जागरूक होना बेहद महत्वपूर्ण है।

वहीं एंटी करप्शन ब्यूरो जम्मू-कश्मीर की ओर से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई है। लोग व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9419678060 और टोल फ्री नंबर 1800 180 7152 के जरिए संपर्क कर सकते हैं।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित इस पहल के जरिए युवाओं और आम लोगों को ईमानदारी तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया जा रहा है। एसीबी का यह प्रयास समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता