खीर भवानी मेले और अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में सुरक्षा बढ़ी
श्रीनगर, 21 जून (हि.स.)। माता खीर भवानी मेला और अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षाकर्मी वाहनों की गहन जांच कर रहे हैं और यात्रा मार्ग पर पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। कश्मीर जोन के आईजीपी वीके बिरदी ने रविवार को मंदिर का दौरा करके माता खीर भवानी मेला के लिए की जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा तैयारियों के तहत पुलिस ने तुलमुल्ला स्थित खीर भवानी मंदिर और उसके आसपास इलाके में सुरक्षा जांच और गश्त (एरिया डोमिनेशन) की। इस कवायद का मकसद उन भक्तों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए सुरक्षित माहौल बनाए रखना था, जो सोमवार को सालाना मेले में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि व्यापक सुरक्षा तैयारियों के तहत 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए गांदरबल-बालटाल रूट पर हाईवे चेकिंग और निगरानी के उपाय भी मजबूत किए गए हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने और उसे मजबूत करने, सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने और यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्थानों पर 'एडवांस सिक्योरिटी टास्किंग अभ्यास किए जा रहे हैं। कश्मीर जोन के आईजीपी वीके बिरदी ने रविवार को सेंट्रल कश्मीर रेंज के डीआईजी राजीव ओमप्रकाश पांडे और गांदरबल के एसएसपी सुधांशु धामा के साथ मंदिर का दौरा किया और माता खीर भवानी मेला के सुचारू और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए की जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की।
आईजीपी ने मंदिर परिसर के अंदर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था और इंतजामों का विस्तृत आकलन किया, जिसमें भीड़ प्रबंधन के उपाय और तय पार्किंग सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा शामिल थी। सतर्कता, तालमेल और तैयारियों के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बिरदी ने अधिकारियों को मंदिर और आसपास के इलाकों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और सभी आवश्यक सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से मेले के सफल आयोजन के लिए अन्य विभागों और हितधारकों के साथ मिलकर काम करने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

