home page

श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे की मरम्मत के कारण 1 अक्तूबर से 15 अक्टूबर तक उड़ानों का परिचालन बंद रहेगा

 | 

श्रीनगर, 03 जून (हि.स.)। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे की मरम्मत और रखरखाव के चलते 1 अक्तूबर से 15 अक्टूबर तक सभी उड़ानों का परिचालन बंद रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि दो हफ्ते की यह बंदी जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है क्योंकि इस दौरान दुर्गा पूजा के लिए अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद रहती है। इस दौरान घाटी में पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ट्रैवल ऑपरेटरों को डर है कि हवाई अड्डा बंद रहने से बड़े पैमाने पर बुकिंग रद्द होगी और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार पूर्ण बंदी से पहले चरणबद्ध रखरखाव कार्यक्रम शुरू होगा। जुलाई से हर हफ्ते दो दिन हवाई अड्डा बंद रहेगा और अंततः एक अक्टूबर से 15 अक्तूबर तक पूरी तरह बंद हो जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि परिचालन सुरक्षा के लिए रनवे की मरम्मत जरूरी है। भारतीय वायुसेना द्वारा जारी 'नोटिस टू एयरमेन' (नोटम) के बाद 6 अप्रैल से उड़ानों पर पहले से ही पाबंदियां लागू हैं। निर्माण कार्य की वजह से हवाई अड्डे की उड़ान सेवाएं पहले ही सीमित हो चुकी हैं। अभी उड़ानें केवल सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हो रही हैं जबकि पहले यह समय सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक था।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह