home page

जम्मू-कश्मीर का लक्ष्य 2035 तक स्थापित जलविद्युत क्षमता को तीन गुना बढ़ाकर लगभग 11,000 मेगावाट करना: उमर अब्दुल्ला

 | 

जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में लगभग 18,000 मेगावाट की अनुमानित जलविद्युत क्षमता है जिसमें से लगभग 15,000 मेगावाट की पहचान की जा चुकी है और सरकार 2035 तक अपनी स्थापित क्षमता को तीन गुना बढ़ाकर लगभग 11,000 मेगावाट करने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है।

शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विधायक जावेद इकबाल के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लगभग 18,000 मेगावाट की अनुमानित जलविद्युत क्षमता है जिसमें से लगभग 15,000 मेगावाट की पहचान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब तक 3,540.15 मेगावाट यानी पहचानी गई क्षमता का लगभग 24 प्रतिशत उपयोग में लाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इसमें केंद्र शासित प्रदेश क्षेत्र में कुल 1,197.4 मेगावाट क्षमता वाली 13 परियोजनाएं, केंद्रीय क्षेत्र में कुल 2,250 मेगावाट क्षमता वाली छह परियोजनाएं और स्वतंत्र विद्युत उत्पादक (आईपीपी) या निजी क्षेत्र में कुल 92.75 मेगावाट क्षमता वाली 12 परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दशक के लिए एक व्यापक रोडमैप तैयार किया गया है और उस पर काम चल रहा है और केंद्र शासित प्रदेश 2035 तक अपनी स्थापित जलविद्युत क्षमता को तिगुना करने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। रोडमैप में निर्माणाधीन छह जलविद्युत परियोजनाओं से 3,063.5 मेगावाट और निविदा, आवंटन, डीपीआर या मंजूरी के चरणों में आठ परियोजनाओं से 4,507 मेगावाट शामिल हैं। इस अवधि के दौरान निजी क्षेत्र की परियोजनाओं से अतिरिक्त 100-150 मेगावाट प्राप्त होने की उम्मीद है। इसके परिणामस्वरूप जम्मू और कश्मीर की कुल स्थापित जलविद्युत क्षमता 2035 तक लगभग 11,000 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है, उन्होंने आगे कहा।

सरकार ने यह भी कहा कि सिंधु जल संधि को सरकार द्वारा स्थगित रखे जाने के मद्देनजर चल रही परियोजनाओं पर निर्माण कार्य में तेजी आई है और शेष जलविद्युत क्षमता का अधिकतम उपयोग करने के लिए संभावित भंडारण परियोजनाओं की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। मौजूदा परिचालन क्षमता के बारे में उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के स्वामित्व वाली जलविद्युत परियोजनाएं 1,197.4 मेगावाट का योगदान करती हैं जिनमें बागलिहार-I और II (प्रत्येक 450 मेगावाट), लोअर झेलम (105 मेगावाट) और अपर सिंध परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एनएचपीसी द्वारा संचालित केंद्रीय क्षेत्र की परियोजनाएं 2,250 मेगावाट की क्षमता प्रदान करती हैं जिनमें सलाल (690 मेगावाट), उरी-I (480 मेगावाट), दुलहस्ती (390 मेगावाट), किशनगंगा (330 मेगावाट) और उडी-II (240 मेगावाट) शामिल हैं। उन्होंने आगे कहा, “डोडा, पुंछ, बांदीपोरा, बारामूला, गांदरबल, बडगाम, अनंतनाग और रामबन जैसे जिलों में छोटे संयंत्रों के माध्यम से निजी क्षेत्र की परियोजनाएं 92.75 मेगावाट का योगदान देती हैं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह