home page

राजौरी में पीडीडी के मीटर रीडर को 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथों पकड़ा

 | 

राजौरी, 17 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार-विरोधी ब्यूरो ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने राजौरी के पीडीडी में तैनात एक मीटर रीडर को एक शिकायतकर्ता से बिजली का बढ़ा हुआ बिल कम करने के बदले 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार-विरोधी ब्यूरो ने राजौरी के पीडीडी में मीटर रीडर के पद पर तैनात आरिफ इकबाल के खिलाफ एफआईआर के तहत मामला दर्ज किया है। राजौरी पुलिस स्टेशन एसीबी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 7 के तहत 17.03.2026 को मामला संख्या 03/2026 दर्ज किया गया। यह मामला एक शिकायत के आधार पर बनाया गया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि शिकायतकर्ता वर्ष 2019 से 2021 तक टायर की दुकान चला रहा था, जिसके बाद उसने दुकान बंद कर दी।

उसके पास बिजली का कनेक्शन था और वह नियमित रूप से बिजली का बिल भरता था। उसे फरवरी 2026 में 31.12.2025 से 31.01.2026 की अवधि के लिए बिजली का बिल प्राप्त हुआ।

इस संबंध में राजौरी विभाग के मीटर रीडर आरिफ इकबाल ने शिकायतकर्ता से मुलाकात की और उससे 50,000 मांगे ताकि वह बिजली का बिल भर सके। इस पर शिकायतकर्ता ने कहा कि वह मीटर रीडिंग के अनुसार बिल का भुगतान करेगा।

इसके बाद, उसने शिकायतकर्ता को धमकी दी कि उसका बिजली का बिल बढ़ा दिया जाएगा। 5 मार्च 2026 को आरिफ इकबाल फिर आया और 31 जनवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 की अवधि का 1,53,890 रुपये का बिजली का बिल दिया, जिसकी भुगतान तिथि 27 मार्च 2026 थी। जब शिकायतकर्ता ने इतने अधिक बिल के बारे में पूछा तो आरिफ इकबाल (मीटर रीडर) ने बिल समायोजित करने के लिए 50,000 रुपये रिश्वत के रूप में मांगे। बाद में बातचीत के बाद यह राशि 30,000 रुपये कर दी गई।

उन्होंने आगे कहा कि चूंकि शिकायतकर्ता उपरोक्त मीटर रीडर को अवैध रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने पुलिस स्टेशन एसीबी राजौरी में उपरोक्त मीटर रीडर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामला दर्ज होने के बाद, राजौरी पुलिस स्टेशन में एसीबी की एक टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी आरिफ इकबाल, जो राजौरी पीडीडी का मीटर रीडर है को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद राजौरी स्थित आरोपी के घर की भी तलाशी ली गई। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA