home page

‘जश्न-ए-बहार’ राष्ट्रीय कला कार्यशाला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न

 | 
‘जश्न-ए-बहार’ राष्ट्रीय कला कार्यशाला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न


जम्मू, 08 मई (हि.स.)। मास्टर संसार चंद बारू मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 11 राष्ट्रीय राइफल्स के सहयोग से टीआरसी छतरू में आयोजित राष्ट्रीय कला कार्यशाला “जश्न-ए-बहार” शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गई।

कार्यशाला के समापन समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, पारंपरिक नृत्य, मार्शल आर्ट प्रदर्शन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, शिक्षकों, कलाकारों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सेना और आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया। 11 राष्ट्रीय राइफल्स ने बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। वहीं एमएससीबीएमसी ट्रस्ट की ओर से प्रतिभागियों को उपहार और स्मृति चिन्ह भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में दिल्ली से शैलेन्द्र सिंह और शर्मिला शर्मा, नोएडा से आदित्य शंकर प्रसाद, तमिलनाडु से पी. देवराज, गुजरात से गोविंद विश्वास तथा पश्चिम बंगाल से अपूर्बा कराती सहित कई प्रसिद्ध कलाकारों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें कला एवं संस्कृति के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।

दूरदराज क्षेत्र छतरू में इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भारतीय सेना, विशेषकर 11 राष्ट्रीय राइफल्स की भूमिका की व्यापक सराहना की गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस पहल से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिली है और सुरक्षा बलों तथा स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर तालमेल भी मजबूत हुआ है। एमएससीबीएमसी ट्रस्ट की अध्यक्ष अनुराधा ऋषि ने सेना, कलाकारों, स्कूलों और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों की भागीदारी ने यह साबित किया है कि दूरदराज क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि बच्चों को सीखने, रचनात्मक विकास और बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा