वंदे भारत ट्रेन को यात्रियों से मिली शानदार प्रतिक्रिया
जम्मू,, 04 मई (हि.स.)।
जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को यात्रियों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और पहले दो दिनों में ही 8,925 से अधिक यात्रियों ने इस ट्रेन में सफर किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहले दिन लगभग 3,925 यात्रियों ने यात्रा की जबकि दूसरे दिन यह संख्या बढ़कर 5,000 से अधिक हो गई। इस ट्रेन का किराया लगभग 730 रुपये रखा गया है जबकि एयर टिकट की कीमत 4,000 से 6,000 रुपये तक है जिससे यह सेवा अधिक किफायती और सुविधाजनक विकल्प बनकर उभरी है। करीब 4 घंटे 45 मिनट में जम्मू से श्रीनगर का सफर तय करने वाली यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन आधुनिक सुविधाओं जैसे जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और बेहतर इंटीरियर से लैस है।
यात्रियों के लिए आईआरसीटीसी द्वारा विशेष कश्मीरी शाकाहारी मेन्यू भी शुरू किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में ट्रेन की ऑक्यूपेंसी पूरी क्षमता तक पहुंच जाएगी और यह सेवा पर्यटन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

