home page

जीएमसी जम्मू में मृत समझकर युवक का शव परिजनों को सौंपा

 | 

जम्मू,, 14 जुलाई (हि.स.)।

जम्मू शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया जहां 27 वर्षीय विशाल को मृत समझकर उसका परिवार सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू से शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गया। लेकिन श्मशान घाट पहुंचने से पहले परिवार के पास विशाल का फोन आया जिसने पूरे घटनाक्रम को पलट दिया।

फोन पर विशाल ने कहा, मैं विशाल बोल रहा हूं... मैं ज़िंदा हूं। जो शव आप ले जा रहे हैं, वह मेरा नहीं है। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। एंबुलेंस को तुरंत वापस जीएमसी ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार विशाल पिछले तीन दिनों से लापता था। इसी दौरान जीएमसी की मोर्चरी में एक अज्ञात शव मिला। चेहरे और कद-काठी में समानता होने के कारण परिजनों ने उसे विशाल समझ लिया। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने भी परिजनों की पहचान के आधार पर शव सौंप दिया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए निकल चुका था तभी विशाल के फोन ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। घटना के बाद अस्पताल की पहचान प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता