भीषण गर्मी के बीच जम्मू में तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा
जम्मू, 25 अप्रैल (हि.स.)। शनिवार को मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी के चलते जम्मू में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि न्यूनतम तापमान भी औसत से अधिक 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक है। रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के तीर्थयात्रियों के लिए आधार शिविर कटरा कस्बे में भी तापमान में तेजी से वृद्धि देखी गई। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है।
दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार वृद्धि से, विशेष रूप से दोपहर के समय असहज स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चार दिनों तक जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में गर्म और शुष्क मौसम के साथ छिटपुट लू चलने की संभावना है। निवासियों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें, लंबे समय तक धूप में रहने से बचें और मौजूदा भीषण गर्मी के बीच पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर हाइड्रेटेड रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

