home page

4 अगस्त को महाराजा हरि सिंह प्रतिमा पर प्रदर्शन करेगा जम्मू स्टेट मूवमेंट, अलग राज्य की मांग

 | 
4 अगस्त को महाराजा हरि सिंह प्रतिमा पर प्रदर्शन करेगा जम्मू स्टेट मूवमेंट, अलग राज्य की मांग


जम्मू, 02 अगस्त (हि.स.) । जम्मू स्टेट मूवमेंट की एक महत्वपूर्ण बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति और जम्मू क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 4 अगस्त को तवी ब्रिज स्थित महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य जम्मू क्षेत्र के साथ लंबे समय से हो रहे कथित क्षेत्रीय असंतुलन, भेदभाव और उपेक्षा के मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना तथा केंद्र सरकार का ध्यान जम्मू के विकास, सम्मान और अलग राज्य की मांग की ओर आकर्षित करना है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से जम्मू क्षेत्र के लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को हमेशा मजबूत किया है। उनका कहना था कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद क्षेत्र के लोगों को विकास, प्रशासन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अधिक संतुलन की उम्मीद थी लेकिन उनकी कई अपेक्षाएं अब भी पूरी नहीं हुई हैं। प्रतिनिधियों ने कहा कि नीति निर्माण और विकास की प्राथमिकताओं में जम्मू को अपेक्षित महत्व नहीं मिला है।

बैठक में यह भी बताया गया कि सांबा, कठुआ, उधमपुर, रियासी, पुंछ, राजौरी, डोडा और रामबन जिलों से बड़ी संख्या में लोग आंदोलन से जुड़ने की इच्छा जता रहे हैं। संगठन ने इन जिलों में अपनी गतिविधियों का विस्तार करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्णय लिया। वक्ताओं ने दोहराया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जारी रहेगा तथा इसका उद्देश्य जम्मू के लोगों के अधिकारों, सम्मान और संतुलित विकास की आवाज को लोकतांत्रिक माध्यमों से उठाना है।

बैठक में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, मूवमेंट कल्कि, हिंदू वाहिनी संगठन, शाश्वत हिंदू संगठन, युवा राजपूत सभा, ऑल इंडिया राजपूत एकता मंच, सैनिक समाज पार्टी, पैंथर पार्टी सहित कई सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी संगठनों ने 4 अगस्त को प्रस्तावित प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में जम्मू स्टेट मूवमेंट ने जम्मू संभाग के युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिक समाज से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा