वंदे भारत एक्सप्रेस ने 22 दिनों में बनाया रिकॉर्ड
जम्मू,, 23 मई (हि.स.)।
जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ने संचालन शुरू होने के मात्र 22 दिनों के भीतर एक लाख से अधिक यात्रियों को सफर कराकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 2 मई 2026 से शुरू हुई इस अत्याधुनिक सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन में 23 मई 2026 तक 1,01,050 से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। इस उपलब्धि को जम्मू-कश्मीर में कनेक्टिविटी और आधुनिक रेल सेवाओं की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
30 अप्रैल 2026 को केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद नियमित संचालन शुरू करने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ने जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच यात्रा को तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाया है। खासकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर खराब मौसम और भूस्खलन के कारण होने वाली परेशानियों के बीच यह ट्रेन लोगों के लिए भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरी है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंगल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को विश्वस्तरीय रेलवे सुविधा देने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से पर्यटन, व्यापार और खासकर घाटी के सेब एवं हस्तशिल्प उद्योग को भी बड़ा लाभ मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

