home page

भूस्खलन और भारी बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर एनएच-44 और डोडा-किश्तवाड़ रोड बंद

 | 

श्रीनगर, 23 जुलाई (हि.स.)। गुरुवार को भारी बारिश के कारण कई संवेदनशील जगहों पर भूस्खलन, पत्थर और मालवा गिरने की घटनाओं के बाद रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (एनएच -44) पर गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है जिससे इस अहम रास्ते पर यातायात बाधित हुआ है।

अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश और भूस्खलन व मलबे के जमा होने से सड़क की हालत असुरक्षित हो गई है जिसके चलते डोडा-किश्तवाड़ रोड भी बंद कर दी गई है।

वहीं श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी (एसएसजी) रोड और ऐतिहासिक मुगल रोड ट्रैफिक के लिए खुले हैं हालांकि अधिकारियों ने यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम खराब बना हुआ है। यातायात पुलिस ने कहा कि भारी बारिश केंद्र शासित प्रदेश के कई हाईवे और सड़कों को प्रभावित कर रही है जिससे भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क जाम होने का खतरा बढ़ गया है।

अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे तब तक गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें जब तक मौसम ठीक न हो जाए और सड़कों को गाड़ियों की आवाजाही के लिए सुरक्षित घोषित न कर दिया जाए।

ट्रैफ़िक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी यात्रा पर निकलने से पहले वे आधिकारिक ट्रैफ़िक कंट्रोल यूनिट्स और विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए सड़क की ताज़ा स्थिति की जाँच कर लें ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता