जम्मू ग्रामीण पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान तेज किया
जम्मू,, 13 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू ग्रामीण पुलिस ने अवैध खनन और खनन सामग्री के बिना अनुमति परिवहन के खिलाफ अभियान तेज करते हुए अलग-अलग कार्रवाइयों में खनन सामग्री से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों के पास खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं थे।
पहली कार्रवाई में बॉर्डर पुलिस पोस्ट संदवां की टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। वाहन में बजरी लदी हुई थी, लेकिन जांच के दौरान खनन सामग्री के परिवहन के लिए आवश्यक फॉर्म-ए प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया।
दूसरी कार्रवाई में नियमित गश्त के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा, जिसमें रेत लदी हुई थी। पूछताछ के दौरान चालक मौके पर खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पुलिस ने दोनों मामलों की जानकारी जिला खनन अधिकारी , जम्मू को दे दी है, ताकि संबंधित खनन कानूनों और नियमों के तहत आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जम्मू ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बिना अनुमति खनन सामग्री के परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और खनन से संबंधित कानूनों का पालन करवाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

