home page

जम्मू पुलिस ने 50 दिनों में नशा तस्करी के 175 मामले दर्ज किए

 | 

जम्मू,, 01 जून (हि.स.)।

नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जम्मू पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले 50 दिनों में 175 मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान पुलिस ने 5 किलो 533 ग्राम हेरोइन, 29 किलो 267 ग्राम गांजा, 1 किलो अफीम और 3 किलो 250 ग्राम पोस्ता बरामद किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 16.60 करोड़ रुपये बताई गई है।

अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 202 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जबकि 37 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े 26 बैंक खातों को फ्रीज कर लगभग 18 लाख रुपये सीज किए हैं। इसके अलावा 5.43 करोड़ रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को अटैच किया गया तथा 22 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

जम्मू पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा लोगों से नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता