home page

जम्मू पुलिस ने गोवंश तस्करी की तीन कोशिशें नाकाम कीं

 | 

जम्मू,, 20 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू पुलिस ने ऑपरेशन कामधेनु के तहत गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगरोटा और झज्जर कोटली इलाके में तस्करी की तीन कोशिशों को नाकाम किया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 24 मवेशियों को बचाया और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात झज्जर कोटली के पंजाल नाके पर चेकिंग के दौरान दो महिंद्रा वाहनों को रोका गया। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।

वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें तीन बछड़ों सहित कुल 20 मवेशी मिले, जिन्हें बिना चारे और पानी के बेरहमी से बांधकर रखा गया था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बचाया और दोनों वाहन जब्त कर लिए।

इस मामले में पुलिस स्टेशन झज्जर कोटली में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मामले दर्ज किए गए हैं।

वहीं, एक अन्य कार्रवाई में सिदड़ा ब्रिज नाके पर पुलिस ने महिंद्रा वाहन को जब्त कर चार मवेशियों को सुरक्षित बचाया। इस संबंध में पुलिस स्टेशन नगरोटा में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

जम्मू पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन कामधेनु के तहत गोवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता