काना चक में पुलिस की कार्रवाई, 840 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद
जम्मू,, 16 अगस्त (हि.स.)।
नशा मुक्त अभियान के तहत जम्मू पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता हासिल की गई है। जम्मू ग्रामीण पुलिस ने थाना काना चक के अधिकार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को कथित ड्रग तस्करी के आरोप में पकड़ा और उसके कब्जे से 840 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, थाना काना चक की टीम इलाके में नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 840 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान गुड्डू कुमार पुत्र मंकेश्वर सिंह, निवासी पीपरपांती थाना गोगरी, बिहार के रूप में की है। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस मामले में थाना काना चक में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बरामद मादक पदार्थ के स्रोत तथा इसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

