जम्मू-कश्मीर के राजौरी, डोडा, पुंछ में संदिग्ध गतिविधियों के बाद तलाशी अभियान शुरू
जम्मू, 18 मार्च (हि.स.)। सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी, डोडा और पुंछ जिलों में विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध आतंकवादियों की आवाजाही की रिपोर्ट के बाद तलाशी अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि की सूचना दी, जिसके बाद मंगलवार देर रात राजौरी के पाल्मा के पास खांडली और उसके आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों को नाले से होते हुए पास के जंगल की ओर जाते देखा गया। एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक संदिग्ध व्यक्तियों से कोई संपर्क नहीं किया गया है। आतंकवादियों की आवाजाही की सूचना के बाद डोडा के मरमट के कई गांवों में भी इसी तरह के ऑपरेशन चल रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सेना ने डोडा के सरलिया इलाके और पुंछ जिले के दांडी धारा और अरी सरूती में भी तलाशी ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

