home page

जम्मू-कश्मीर ग्रामीण बैंक ने लगाया वित्तीय साक्षरता शिविर

 | 
जम्मू-कश्मीर ग्रामीण बैंक ने लगाया वित्तीय साक्षरता शिविर


जम्मू, 03 जुलाई (हि.स.)। वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर ग्रामीण बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के सहयोग से ग्राम सरोर में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। यह शिविर वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) द्वारा ग्राम पंचायत एवं शहरी स्थानीय निकाय स्तर पर चलाए जा रहे सैचुरेशन अभियान के तहत आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जम्मू-कश्मीर ग्रामीण बैंक की सरोर शाखा एवं वित्तीय साक्षरता केंद्र जम्मू द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरबीआई जम्मू के क्षेत्रीय निदेशक चंद्रशेखर आजाद ने की। इस अवसर पर आरबीआई की डीजीएम विभा गुप्ता, रामसरूप, जम्मू-कश्मीर ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक सचिन गुप्ता सहित आरबीआई, विभिन्न बैंकों एवं ग्रामीण बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में प्रतिभागियों को डीएफएस के सैचुरेशन अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), अटल पेंशन योजना (एपीवाई), प्रधानमंत्री जनधन योजना के निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय करने, नामांकन अपडेट कराने, री-केवाईसी, नए जनधन खाते खोलने, सी-केवाईसी तथा विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही डिजिटल और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी जागरूक किया गया। अभियान के संदेश को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया।

आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लोग इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार और परिचितों को भी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने, निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने और बिना दावा राशि (अनक्लेम्ड डिपॉजिट) वापस लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि आरबीआई के यूडीजीएएम पोर्टल और संबंधित बैंकों की वेबसाइट के माध्यम से बिना दावा राशि की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेज जमा कर धनराशि वापस ली जा सकती है। जम्मू-कश्मीर ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक सचिन गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बैंक ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और वित्तीय योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभार्थी कवरेज के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा वित्तीय समावेशन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा