जम्मू में गुर्जर-बकरवाल घरों के विध्वंस पर उच्चस्तरीय जांच के आदेश
जम्मू, 23 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू के रायका, सिदरा में गुर्जर-बकरवाल परिवारों के घरों को गिराए जाने के बाद एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में उमर अब्दुल्ला सरकार ने शुक्रवार देर शाम इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा सत्ता के दुरुपयोग के बढ़ते आरोपों और बढ़ते आक्रोश के बीच यह कदम उठाया गया है।
सरकार ने वरिष्ठ के.ए.एस. अधिकारी राजिंदर सिंह तारा की अध्यक्षता में एक व्यापक जांच समिति का गठन किया है जिसमें सहायक राजस्व आयुक्त (ए.सी.आर.) जम्मू और संभागीय वन अधिकारी (डी.एफ.ओ.) जम्मू सदस्य हैं। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक वन विभाग में कई अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है क्योंकि सरकार ने विध्वंस के मामले में कड़ा रुख अपनाया है खासकर तब जब यह खुलासा हुआ कि प्रभावित परिवारों में से कई ग्रामीण कश्मीर और पीर पंजाल से आए प्रवासी गुर्जर थे जो वर्षों से उग्रवाद और हिंसा से भागकर जम्मू में अपना जीवन फिर से संवारने के लिए संघर्ष कर रहे थे।
जनजातीय मामलों के विभाग ने भी हस्तक्षेप करते हुए वरिष्ठ केएएस अधिकारी मुमताज अली की अध्यक्षता में एक अलग तथ्य-जांच समिति का गठन किया है जो वन अधिकार अधिनियम 2006 और अनुसूचित जनजातियों को गारंटीकृत संवैधानिक सुरक्षा उपायों के संभावित उल्लंघनों की जांच करेगी। विध्वंस से गुर्जर-बकरवाल समुदाय में गहरा सदमा फैल गया है और जनजातीय संगठनों ने इस कार्रवाई को जम्मू में अतिक्रमण विरोधी और मादक द्रव्य विरोधी अभियानों की आड़ में किया गया लक्षित उत्पीड़न करार दिया है।
समुदाय के नेताओं का आरोप है कि एक दशक से अधिक समय से जम्मू में गुर्जरों को प्रशासन के कुछ गुटों और चरमपंथी तत्वों द्वारा व्यवस्थित उत्पीड़न, सामाजिक भेदभाव और चुनिंदा निशाना बनाए जाने का सामना करना पड़ रहा है। उनका तर्क है कि राज्य द्वारा भूमि अधिग्रहण के नाम पर गरीब आदिवासी परिवारों को निशाना बनाया जा रहा है जबकि प्रभावशाली राजनेता, व्यापारी, भूमि माफिया और शक्तिशाली नौकरशाह पूरी तरह से मुक्त हैं। बढ़ते जन आक्रोश और राजनीतिक दबाव के बीच दोनों जांच समितियों द्वारा जांच शुरू कर चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

