home page

जम्मू फिल्म महोत्सव को दुनिया भर से जबरदस्त प्रतिक्रिया, 35 देशों से मिलीं 180 प्रविष्टियां

 | 

जम्मू, 10 जुलाई (हि.स.)। जम्मू फिल्म महोत्सव के पांचवें संस्करण को दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। 31 जुलाई की अंतिम तिथि से पहले ही 35 देशों से 180 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। इन प्रविष्टियों में 130 लघु फिल्में, 35 वृत्तचित्र और 17 फीचर फिल्में शामिल हैं जो दुनिया भर की विविध संस्कृतियों, भाषाओं और सिनेमाई परंपराओं का प्रतिनिधित्व करती हैं।

निर्णायक मंडल के प्रमुख कपिल मट्टू ने जम्मू में पत्रकारों से कहा कि इस महीने के अंत में प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि से पहले और भी प्रविष्टियां आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जम्मू फिल्म महोत्सव का पांचवां संस्करण 28-29 सितंबर को जम्मू में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव जम्मू को वैश्विक फिल्म जगत से जोड़ने की अपनी उल्लेखनीय यात्रा जारी रखे हुए है और उत्तर भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में से एक के रूप में उभरा है।

मट्टू ने कहा कि 31 जुलाई की अंतिम तिथि से काफी पहले ही 35 देशों से 180 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। वोमेध और कोशुरवुड स्टूडियो द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत इस महोत्सव में भारत और विदेश के फिल्म निर्माताओं, प्रतिनिधियों, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों को एक साथ लाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका सहित कई देशों के प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में भाग लेने में रुचि व्यक्त की है जबकि महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए सिंगापुर के कलाकारों के साथ बातचीत चल रही है।

महोत्सव के निदेशक राकेश रोशन भट और रोहित भट ने कहा कि महोत्सव की परिकल्पना एक ऐसी सांस्कृतिक संस्था बनाने की दृष्टि से की गई थी जो सिनेमा के माध्यम से जम्मू को दुनिया से जोड़ेगी। संजीव काक कोशुरवुड स्टूडियो ने कहा कि संगठन को एक ऐसे महोत्सव के साथ साझेदारी करने पर गर्व है जो जम्मू और वैश्विक फिल्म निर्माण समुदाय के बीच एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक सेतु के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि पांच संस्करणों में महोत्सव की निरंतर वृद्धि इसके आयोजकों की प्रतिबद्धता और क्षेत्र में सार्थक सिनेमा और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।

इस बीच आयोजन समिति ने पारदर्शी और योग्यता-आधारित चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए 2026 संस्करण के लिए तीन-स्तरीय निर्णायक मंडल प्रणाली की घोषणा की। स्क्रीनिंग समिति में महोत्सव के निदेशक राकेश रोशन भट और रोहित भट के साथ-साथ कमल राजदान, सुमन पंडिता, इफरा काक और मंजूर मीर शामिल हैं। समीक्षा समिति में राहुल शर्मा, कुसुम टिक्कू, रानी भान, जे आर सागर, डॉ. कुलदीप रैना सुदेशी और शादाब खान शामिल हैं। अंतिम निर्णायक मंडल की अध्यक्षता फिल्म निर्माता कपिल मट्टू करेंगे और इसमें अभिनेता विपिन शर्मा, अश्वथ भट्ट और तनवीर डार शामिल होंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता