जम्मू मंडल के चेकिंग स्टाफ ने वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटा सामान वापस लौटाया
जम्मू,, 04 जुलाई (हि.स.)।
उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के चेकिंग स्टाफ की तत्परता और समन्वय से वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटे दो यात्रियों का कीमती सामान सुरक्षित रूप से लौटाया गया।
पहला मामला 02 जुलाई 2026 का है जब गाड़ी संख्या 22439 वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री का ट्रॉली बैग पठानकोट कैंट स्टेशन पर छूट गया था। सूचना मिलते ही जम्मू में तैनात चेकिंग स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैग को बरामद कर संबंधित यात्री तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
वहीं दूसरी घटना 04 जुलाई को ट्रेन संख्या 26401 जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस में हुई जहां एक यात्री का हैंड बैग सीट पर छूट गया था। टिकट चेकिंग स्टाफ ने तुरंत जांच कर बैग बरामद किया और आरपीएफ की उपस्थिति में उसका सत्यापन कर यात्री को सूचना दी। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, एटीएम कार्ड, ईयरबड्स और नकदी मौजूद थी। दोनों मामलों में यात्रियों ने रेलवे स्टाफ की त्वरित कार्रवाई और ईमानदारी की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

