गांदरबल में 9.60 करोड़ की लागत से बनने वाली कार पार्किंग काे मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी
जम्मू, 25 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल में 9.60 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले बहुस्तरीय कार पार्किंग के निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे शहर में बढ़ते यातायात जाम को कम करना और शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना है। यह मंजूरी कश्मीर के शहरी स्थानीय निकाय निदेशक के पक्ष में पूंजीगत व्यय बजट 2026-27 के तहत दी गई है। गुणवत्ता, दक्षता और समय पर पूरा होने को सुनिश्चित करने के लिए परियोजना को स्वीकृत तकनीकी विशिष्टताओं और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार क्रियान्वित किया जाएगा।
प्रस्तावित सुविधा से गांदरबल के व्यस्त बाजार क्षेत्रों में भीड़-भाड़ काफी हद तक कम होने की उम्मीद है जिससे व्यवस्थित पार्किंग स्थान उपलब्ध होगा और समग्र यातायात प्रबंधन में सुधार होगा। यह क्षेत्र में बेहतर शहरी नियोजन और जनसुविधा में भी योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने सख्त गुणवत्ता मानकों के पालन, पारदर्शी निविदा प्रक्रियाओं और परियोजना के समय पर निष्पादन पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि कार्य प्रारंभ करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां और नियामक मंजूरी प्राप्त कर ली जाएं।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

