मुख्यमंत्री उमर के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर कैबिनेट ने फारूक अब्दुल्ला पर हमले की निंदा की
श्रीनगर, 13 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर कैबिनेट ने मंगलवार को सर्वसम्मति से जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हमले की निंदा की और इस हमले की गहन जांच की मांग की। एक आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार कैबिनेट ने यात्री वाहन किराए में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी को भी मंजूरी दे दी है यह मांग ट्रांसपोर्टर पिछले पांच वर्षों से उठा रहे थे। ट्रांसपोर्टरों ने 50 फीसदी बढ़ोतरी की मांग की थी लेकिन सरकार ने 18 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी।
प्रवक्ता ने कहा कि सरकार 200 और बसें भी सड़कों पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने मंत्रियों, विधायकों, विधानसभा अध्यक्ष और विपक्ष के नेता (एलओपी) के लिए टीए डीए और चिकित्सा भत्ते में वृद्धि को मंजूरी दे दी है।
मौजूदा एलपीजी संकट पर प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में एलपीजी का पर्याप्त भंडार है और लोगों से न घबराने की अपील की। उन्होंने जनता से अधिकारियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया और कहा कि किसी भी संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए टीमों का गठन किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

