राहत और पुनर्वास कार्यों में सहायता के लिए जम्मू-कश्मीर बैंक ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 4 करोड़ 10 लाख का दिया योगदान
श्रीनगर, 3 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर बैंक ने आज जम्मू-कश्मीर में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों में सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 4 करोड़ 10 लाख का योगदान दिया।
जेएंडके बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताव चटर्जी ने निदेशक मंडल के सदस्यों के साथ श्रीनगर के सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को 4.10 करोड़ का चेक सौंपा।
मुख्यमंत्री ने जेएंडके बैंक के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की और इसके प्रबंधन एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संस्थानों की यह एकजुटता संकट के समय में लोगों के साथ खड़े होने के सामूहिक संकल्प को दर्शाती है और बाढ़ प्रभावित परिवारों की कठिनाइयों को कम करने में बहुत मदद करेगी।
बैंक कर्मचारियों को उनकी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जेएंडके बैंक हमेशा कठिन समय में समुदाय का समर्थन करने में सबसे आगे रहा है और यह एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के लोगों के प्रति अपनी गहरी जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

