home page

चार माह से वेतन नहीं मिलने पर जल शक्ति कर्मियों का फूटा गुस्सा, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

 | 
चार माह से वेतन नहीं मिलने पर जल शक्ति कर्मियों का फूटा गुस्सा, एक सप्ताह का अल्टीमेटम


कठुआ, 03 सितंबर (हि.स.)। पीएचई एम्पलाइज यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले जल शक्ति विभाग कठुआ के कर्मचारियों ने चार माह से लंबित वेतन जारी न होने के विरोध में वीरवार को कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए बकाया वेतन तत्काल जारी करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि पिछले चार महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है जिसके चलते उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी ठेकेदार का टेंडर अथवा काम का भुगतान किसी कारण से लंबित है तो उसका खामियाजा कर्मचारियों को क्यों भुगतना पड़े। कर्मचारियों ने कहा कि वे नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं ऐसे में उनका वेतन रोकना उचित नहीं है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने वीरवार को जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता से भी इस मुद्दे को लेकर बातचीत की। कार्यकारी अभियंता की ओर से उन्हें बताया गया कि वेतन से संबंधित फाइल मुख्यमंत्री के पास लंबित है। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले चार माह से उन्हें लगातार आश्वासन ही दिए जा रहे हैं लेकिन अब तक वेतन जारी नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के पास लंबित बताई जा रही फाइल कब वापस आएगी और कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन कब मिलेगा।

प्रदर्शनकारियों ने जम्मू डिवीजन के चीफ इंजीनियर के समक्ष भी कई बार अपनी समस्या रखे जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से मिलने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। कर्मचारियों ने विभाग और प्रशासन को एक सप्ताह का स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि के भीतर चार माह का बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो जल शक्ति विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल से पेयजल आपूर्ति समेत विभागीय सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा। कर्मचारियों ने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया वेतन जारी करवाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया