home page

लावारिस बिजली के खंभों से नाराज विधायक ने जेपीडीसीएल को तत्काल सर्वे और हटाने की कार्रवाई के दिए निर्देश

 | 
लावारिस बिजली के खंभों से नाराज विधायक ने जेपीडीसीएल को तत्काल सर्वे और हटाने की कार्रवाई के दिए निर्देश


जम्मू, 19 जून (हि.स.)। जम्मू पश्चिम विधायक अरविंद गुप्ता ने जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त, उखड़े हुए और लावारिस पड़े बिजली के खंभों से उत्पन्न हो रहे सुरक्षा खतरों पर गंभीर चिंता जताते हुए बिजली विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में नई विद्युत संरचना स्थापित होने के बावजूद पुराने खंभों को नहीं हटाया गया है जिससे सड़क किनारों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

हाल ही में वार्ड-31 में एक वाहन को लावारिस बिजली के खंभे से नुकसान पहुंचने की घटना के बाद विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जेपीडीसीएल) के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा तथा फोन पर भी तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पूरे जम्मू पश्चिम क्षेत्र विशेषकर कैनाल और परेड विद्युत डिवीजनों में सर्वे कर सभी क्षतिग्रस्त और अनुपयोगी खंभों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए।

अरविंद गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और विद्युत ढांचे के आधुनिकीकरण के साथ पुराने ढांचे को समयबद्ध तरीके से हटाना भी जरूरी है। स्थानीय निवासियों ने विधायक के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा