सैनिक स्कूल नगरोटा में इन्वेस्टिचर सेरेमनी, एनडीए चयनित कैडेट्स के अभिभावकों का सम्मान
जम्मू, 04 अप्रैल (हि.स.)। सैनिक स्कूल नगरोटा में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी बड़े गौरव और गरिमा के साथ आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत एनडीए 154 कोर्स में चयनित आठ कैडेट्स के अभिभावकों के सम्मान से हुई जिसने पूरे स्कूल और क्षेत्र को गर्व का अवसर प्रदान किया। कैडेट इखलाक हसन, हुसैन, प्रणव शर्मा, आदित्य कुमार सिंह, पृथ्वी राज संब्याल, दिव्यांश भारद्वाज, पियूष शर्मा और यासिर मुख्तार वानी के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय से प्राप्त 12 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि भी अभिभावकों को सौंपी गई।
एनडीए 154 कोर्स के लिए चयनित ये कैडेट्स जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न क्षेत्रों से हैं जो स्कूल की समावेशी सोच और व्यापक पहुंच को दर्शाता है। यह उपलब्धि संस्थान की उस निरंतर भूमिका को भी उजागर करती है जिसके तहत वह युवाओं को सशस्त्र बलों में योगदान देने के लिए तैयार करता है। समारोह के दौरान 15 नए छात्र नेताओं को औपचारिक रूप से जिम्मेदारियां सौंपी गईं। राघव चिब को स्कूल कैप्टन, उदय कुमार को स्कूल एडजुटेंट, आदर्श कुमार तिवारी को स्पोर्ट्स कैप्टन, ईशान परिहार को कल्चरल कैप्टन और उत्कर्ष विवेक को बैंड कैप्टन नियुक्त किया गया। सभी ने पद की शपथ लेते हुए अनुशासन और परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य कैप्टन (आईएन) शिबू देवासिया ने एनडीए चयनित कैडेट्स के अभिभावकों को बधाई दी और नए छात्र नेताओं को जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन अभिभावकों के साथ हाई-टी के साथ हुआ जिसमें उपलब्धियों और नेतृत्व की भावना का उत्सव मनाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

