कठुआ स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन, महिला उपलब्धियों को मिला सम्मान
कठुआ, 09 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन कठुआ द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण और जसरोटा के विधायक राजीव जसरोतिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विधायक डॉ. भारत भूषण और राजीव जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि महिला दिवस उन महिलाओं का सम्मान करने का अवसर है जो विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने समाज से बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। डिप्टी कमिश्नर कठुआ राजेश शर्मा ने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर पूरे सप्ताह जिले में जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य व पोषण शिविर, खेल गतिविधियाँ तथा महिला सुरक्षा और कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं के साथ एक प्रेरणादायक पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें एसएसपी कठुआ मोहिताशर्मा, कंगना गुप्ता (न्यायपालिका), डॉ. सुलक्षणा मेंगी (पूर्व बाल रोग विशेषज्ञ), पूजा देवी और रेवा रानी (उद्यमी) ने अपने अनुभव साझा किए और महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायत्री कंडले, सोनाली डोगरा और विभा भारती ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर महिला पैनलिस्टों के साथ-साथ जिले का नाम रोशन करने वाली युवा खिलाड़ियों तानिया शर्मा (क्रिकेट), अनु शर्मा (शूटिंग), नायसा सिंह (कबड्डी) और कामिया राजपूत (कराटे) को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के निदेशक रंजीत सिंह, एडीसी कठुआ विशवजीत सिंह सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

