home page

वृद्धजनों के कल्याण पर अंतरराष्ट्रीय संवाद, हेल्पएज इंटरनेशनल के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित

 | 
वृद्धजनों के कल्याण पर अंतरराष्ट्रीय संवाद, हेल्पएज इंटरनेशनल के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित


जम्मू, 22 जून (हि.स.)। वृद्ध आश्रम अम्फल्ला जम्मू ने वृद्धजनों के कल्याण, सम्मान और अधिकारों को लेकर हेल्पएज इंटरनेशनल के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की। बैठक में वृद्धावस्था से जुड़ी चुनौतियों, वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार तथा भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आश्रम के अध्यक्ष इंजी. पंकज गुप्ता, सचिव डॉ. दिनेश गुप्ता, प्रबंध समिति सदस्य राजिंदर सिंह और सतपाल शर्मा शामिल हुए जबकि हेल्पएज इंटरनेशनल की ओर से रोज़ टाका ब्वीरे, बेनिल थवरासा और फराह अलशरीफ़ ने भाग लिया।

प्रतिभागियों ने अकेलेपन, सामाजिक अलगाव, उपेक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों जैसे मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मानपूर्ण और सुरक्षित वातावरण की आवश्यकता पर बल दिया। वृद्ध आश्रम ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि संस्था केवल आश्रय ही नहीं, बल्कि भावनात्मक सहयोग, सम्मान और सक्रिय जीवन के अवसर भी उपलब्ध कराती है।

बैठक में दोनों पक्षों ने स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देने, सेवाओं को मजबूत बनाने और ज्ञान एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान पर सहमति जताई। साथ ही आयु-आधारित भेदभाव समाप्त करने और वृद्धजनों को समाज की अमूल्य धरोहर के रूप में सम्मान देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा