home page

उच्च स्तरीय अंतर-मंत्रालयी टीम जम्मू-कश्मीर पहुंची, बाढ़ प्रभावित कई जिलों का दौरा करेगी

 | 

राजौरी, 25 नवंबर (हि.स.)।

अचानक आई बाढ़ के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए भारत सरकार का एक उच्च स्तरीय अंतर-मंत्रालयी दल जम्मू-कश्मीर पहुंच गया है। यह दल अगले दो दिनों में बाढ़ प्रभावित कई जिलों का दौरा करेगा। इस दल का नेतृत्व भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (एफ-II) रैंक के अधिकारी कर रहे हैं और इसमें सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, विद्युत विभाग, वित्त मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय और अंतरिक्ष विभाग सहित अन्य मंत्रालयों के अधिकारी शामिल हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दल को दो उप-दलों में विभाजित किया जाएगा। एक दल को डोडा और किश्तवार सहित चिनाब घाटी के जिलों में भेजा जाएगा जबकि दूसरा दल राजौरी और पुंछ जिलों का दौरा करेगा। राजौरी और पुंछ के लिए तैनात उप-टीम राजौरी जिले में पहुंच चुकी है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी टीम के साथ हैं।

यह टीम बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेगी जहां इस वर्ष की बाढ़ से भारी तबाही हुई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि टीम बाढ़ के बाद की स्थिति का जायजा लेगी और उसके बाद भारत सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी जिसके आधार पर वित्तीय सहायता राशि स्वीकृत की जाएगी।

इससे पहले मंगलवार को राजौरी दौरे के दौरान मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने मीडियाकर्मियों को बताया कि एक उच्च स्तरीय अंतर-मंत्रालयी टीम जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रही है। मुख्य सचिव ने कहा कि केंद्रीय टीम कल जम्मू-कश्मीर का दौरा करेगी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी जिसके बाद हमें वित्तीय सहायता राशि दी जाएगी, जिससे हम पीड़ितों के नुकसान की भरपाई कर सकेंगे और आवश्यक बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में तेजी ला सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह