बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की बहाली तेज करने के निर्देश
कठुआ, 27 जुलाई (हि.स.)। हालिया भारी बारिश से जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों व सार्वजनिक ढांचे की बहाली को लेकर डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंताओं ने क्षति और मरम्मत की प्रगति की जानकारी दी। पीडब्ल्यूडी कठुआ व बिलावर के अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़कों की बहाली पूरी कर ली गई है जबकि शेष पर कार्य तेजी से जारी है।
पीएमजीएसवाई बिलावर के तहत प्रभावित 18 में से 17 सड़कों को बहाल किया जा चुका है और एक पर कार्य अंतिम चरण में है। डीसी ने सभी एजेंसियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने तथा बाढ़ सुरक्षा ढांचे की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में एडीसीसी सुरिंदर मोहन शर्मा, सीपीओ रणजीत ठाकुर, एसीआर विशव प्रताप सिंह, एसीडी अखिल सदोत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

