home page

बरनोटी में संघ के शताब्दी वर्ष पर प्रमुख जन गोष्ठी, 150 से अधिक प्रबुद्धजनों ने लिया भाग

 | 
बरनोटी में संघ के शताब्दी वर्ष पर प्रमुख जन गोष्ठी, 150 से अधिक प्रबुद्धजनों ने लिया भाग


कठुआ, 31 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बरनोटी खंड में कमला पैलेस में प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित की गई जिसमें 150 से अधिक प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सीईओ विजय सिंह तथा मुख्य वक्ता संघ के कठुआ विभाग प्रचारक अनुराग जी रहे। खंड संघचालक अंचल जी भी मंच पर उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता अनुराग ने ‘संघ के 100 वर्षों की यात्रा और आगे की योजना’ विषय पर कहा कि राष्ट्रीय चरित्र के बिना व्यक्तिगत चरित्र अधूरा है। डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने समाज की असंगठित स्थिति को राष्ट्र की कमजोरी का प्रमुख कारण मानते हुए वर्ष 1925 में संघ की स्थापना की और व्यक्ति निर्माण को राष्ट्र निर्माण का आधार बनाया।

उन्होंने कहा कि संघ की 100 वर्षों की यात्रा पांच पीढ़ियों के त्याग, तपस्या और समर्पण से आगे बढ़ी है। उन्होंने समाज की सज्जन शक्ति से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य को पंच परिवर्तन के रूप में अपनाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि विजय सिंह ने संघ के समाज को संगठित, जागृत और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया