home page

अंतर-ग्राम टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

 | 
अंतर-ग्राम टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ


जम्मू, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सेना ने अखनूर के जौरियां क्षेत्र में अंतर-ग्राम टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस आयोजन का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देना, युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना तथा सेना और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करना है। टूर्नामेंट में विभिन्न गांवों की टीमों को अपनी खेल प्रतिभा, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।

भारतीय सेना ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, एकता, टीमवर्क और आपसी सम्मान जैसे मूल्यों को विकसित करने का प्रभावी साधन भी हैं। यह टूर्नामेंट स्थानीय युवाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और सामुदायिक एकजुटता को भी मजबूत करेगा। सेना की ओर से आयोजित इस पहल का खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। बड़ी संख्या में दर्शकों ने मैचों का आनंद लिया और प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन किया।

भारतीय सेना ने सभी भाग लेने वाली टीमों को सफल एवं यादगार टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों से प्रत्येक मैच में खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का परिचय देने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा