जम्मू रेलवे प्रशासनिक परिसर में अत्याधुनिक मुख्य कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन
जम्मू, 21 मई (हि.स.)। भारतीय रेल के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत, आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जम्मू रेलवे प्रशासनिक परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक मुख्य कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन किया गया। इस आधुनिक सुविधा का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक जम्मू विवेक कुमार ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों, तकनीकी इंजीनियरों और प्रशासनिक कर्मचारियों की उपस्थिति में पारंपरिक तरीके से किया। यह नया कॉन्फ्रेंस हॉल रेलवे प्रशासन में दक्षता और डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई यह सुविधा केवल एक सामान्य बैठक कक्ष नहीं बल्कि उन्नत संचार और समन्वय केंद्र के रूप में स्थापित की गई है, जिससे प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया को अधिक तेज, प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके।
कॉन्फ्रेंस हॉल को आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है और इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हॉल में अल्ट्रा-एचडी डिस्प्ले सिस्टम, आधुनिक साउंड सेटअप, हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा सुरक्षित नेटवर्क सिस्टम लगाए गए हैं जिससे वर्चुअल बैठकें, प्रस्तुतियां और बड़े स्तर पर डेटा ट्रांसफर बिना किसी बाधा के संभव हो सकेगा। इसके अलावा यह सुविधा रेलवे मंत्रालय, रेलवे बोर्ड और देशभर के प्रमुख रेलवे मंडलों के साथ रियल-टाइम संवाद स्थापित करने में सक्षम होगी। लंबी बैठकों और समीक्षा सत्रों के लिए आरामदायक एवं एर्गोनोमिक बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि गोपनीय चर्चाओं और रणनीतिक बैठकों के लिए पूरे हॉल को पूर्णतः साउंडप्रूफ बनाया गया है।
उद्घाटन समारोह के दौरान संबोधित करते हुए विवेक कुमार ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तेज संचार और त्वरित निर्णय प्रक्रिया की आवश्यकता है तथा यह आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल जम्मू रेलवे प्रशासनिक परिसर की आंतरिक और बाहरी संचार क्षमता को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा रणनीतिक बैठकों, सुरक्षा समीक्षा तथा आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन के दौरान समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे विभिन्न विभागों के बीच तालमेल बेहतर होगा और रेलवे संचालन की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

