कठुआ क्रिकेट लीग में ब्लास्टर्स और एडमिन 11 की शानदार जीत
कठुआ, 14 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा यूथ फॉर स्पोर्ट्स यूथ अगेंस्ट ड्रग्स थीम के तहत आयोजित कठुआ क्रिकेट लीग में मंगलवार को खेले गए ग्रुप स्टेज मुकाबलों में कठुआ ब्लास्टर्स और कठुआ एडमिन 11 ने शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले जीडीसी (बॉयज) कठुआ के स्पोर्ट्स ग्राउंड में खेले गए।
सुबह खेले गए मैच में कठुआ ब्लास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साब जी 11 को 87 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लास्टर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। निखिल शर्मा ने 42 गेंदों पर 70 रन की बेहतरीन पारी खेली जबकि करण ने 27 गेंदों में 44 रन और निशांक महाजन ने 37 रन जोड़े। अंत में राम (14), आदित्य राजपूत (नाबाद 10), शिवम सिंह (नाबाद 10) और अनुभव अंडोत्रा (नाबाद 6) ने टीम का स्कोर मजबूत किया।
साब जी 11 की ओर से मुनीश शर्मा ने 2 विकेट लिए जबकि संजय साब, अभि शर्मा और नीरज भाई को एक-एक सफलता मिली। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साब जी 11 20 ओवर में 7 विकेट पर 113 रन ही बना सकी। कमल कुमार ने नाबाद 35 रन बनाए जबकि अनुज सिंह और मुनीश शर्मा ने 16-16 रन का योगदान दिया।
कठुआ ब्लास्टर्स की ओर से अनुभव अंडोत्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट झटके जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल रहा। करण ने 2/16 और साहिल ने 1 विकेट लेकर टीम को बड़ी जीत दिलाई। शाम के मुकाबले में कठुआ एडमिन 11 ने गुर्हा मुंडियां जायंट्स को 4 विकेट से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुर्हा मुंडियां जायंट्स की टीम 17.2 ओवर में 107 रन पर सिमट गई। दीपक डोगरा ने 27 रन बनाए जबकि अरुण शर्मा ने 15 और विकास शर्मा 14 रन बनाकर नाबाद रहे। एडमिन 11 की ओर से सुनील ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सौरव शर्मा ने 2 विकेट जबकि सुनील सिंह, विशाल खजूरिया और आकाश ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कठुआ एडमिन 11 ने 16.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 108 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
प्रिंस जसरोटिया ने 29 रन, अजय देव ने 25 रन बनाए जबकि मुस्ताक 15 रन बनाकर नाबाद रहे। सिमरनजीत सिंह ने नाबाद 6 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। गुर्हा मुंडियां जायंट्स की ओर से दीपक डोगरा और रॉबिन सिंह ने 2-2 विकेट लिए जबकि साहिल शर्मा ने एक विकेट हासिल किया। इन जीतों के साथ कठुआ ब्लास्टर्स और कठुआ एडमिन 11 ने लीग में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टूर्नामेंट के माध्यम से जिले के युवाओं में खेल भावना, फिटनेस और नशा मुक्त समाज का संदेश दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

