त्रिकुटा नगर में भाजपा की वीडीजी सेल की अहम बैठक, ग्राम रक्षा गार्डों के मानदेय, सेवा शर्तों और कल्याण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा
जम्मू, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू में त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर की वीडीजी सेल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) के कल्याण, मानदेय और सेवा शर्तों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को भाजपा के प्रदेश महासचिव बलदेव सिंह बिलावरिया, मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा, ऑल सेल्स प्रभारी वेद शर्मा, सह-प्रभारी मुनीश खजूरिया, वीडीजी सेल के प्रदेश संयोजक बसंत राज ठाकुर तथा सह-संयोजक रमेश कटोच और हरिंदर सिंह ने संबोधित किया।
बलदेव सिंह बिलावरिया ने वीडीजी सदस्यों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें जम्मू-कश्मीर की जमीनी सुरक्षा की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा राष्ट्रवादी शक्तियों और अग्रिम पंक्ति के रक्षकों के साथ खड़ी रही है और वीडीजी की जायज मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। डॉ. प्रदीप महोत्रा ने वीडीजी को गांव स्तर पर “पहली सुरक्षा पंक्ति” बताते हुए कहा कि आतंकी हमलों के दौरान वे पुलिस, बीएसएफ या सेना के पहुंचने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वीडीजी सदस्यों की ओर से बसंत राज ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में 4,000 रूपये का मासिक मानदेय अपर्याप्त है और इसे 18,000 रूपये किया जाना चाहिए। उन्होंने बीपीएल राशन कार्ड और जॉब कार्ड जब्ती की समस्या, पात्र सदस्यों को मानदेय से वंचित रखने, बीमा कवर और आधुनिक हथियार उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। बैठक की कार्यवाही रमेश कटोच ने संचालित की, जबकि हरिंदर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

