home page

अवैध खनन पर चल रही लगातार कार्रवाई के तहत पिछले दो वर्षों में 13,600 से अधिक वाहन जब्त, 446 एफआईआर दर्ज

 | 

जम्मू, 17 मार्च (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर में अवैध खनन पर चल रही लगातार कार्रवाई के तहत पिछले दो वर्षों में 13,600 से अधिक वाहन जब्त किए गए हैं और 446 एफआईआर दर्ज की गई हैं। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024-25 में कुल 6,219 वाहन जब्त किए गए जबकि 2025-26 (दिसंबर 2025 तक) में यह संख्या 7,473 रही जिससे कुल जब्त वाहनों की संख्या 13,692 हो गई। कानूनी कार्रवाई के संदर्भ में 2024-25 में 212 एफआईआर दर्ज की गईं जबकि 2025-26 में दिसंबर तक 234 एफआईआर दर्ज की गईं जो प्रवर्तन गतिविधियों में मामूली वृद्धि दर्शाती हैं।

एक बयान में कहा गया है कि आंकड़ों से पिछले वित्तीय वर्ष में जब्ती में उल्लेखनीय वृद्धि दिखाई देती है जिसमें 2025-26 में केवल नौ महीनों को शामिल करने के बावजूद पिछले वर्ष के आंकड़ों को 1,200 से अधिक वाहनों से पार कर लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि निगरानी और प्रवर्तन को तेज करने से एफआईआर दर्ज करने के मामलों में भी मामूली वृद्धि हुई।

उन्होंने बताया कि जिलों में कुपवाडा में 2025-26 में सबसे अधिक 859 वाहन जब्त किए गए इसके बाद कठुआ में 796और बारामूला में 701 का स्थान रहा। बयान में आगे कहा गया है कि 2024-25 में जम्मू जिला 880 वाहनों की जब्ती के साथ सूची में सबसे ऊपर था जबकि सांबा 527 और बडगाम 475 अन्य ऐसे जिले थे जहां वाहनों की जब्ती अधिक थी।

बयान में यह भी बताया गया है कि बडगाम में 2025-26 में सबसे अधिक 51 एफआईआर दर्ज की गईं, इसके बाद कुपवारा में 46 और बारामूला में 32 का स्थान रहा। 2024-25 में भी बडगाम में 48 एफआईआर दर्ज की गईं जबकि गांदरबल में 44 और बांदीपोरा में 30 में भी मामलों की अच्छी खासी संख्या दर्ज की गई।

अधिकारियों ने खनन विरोधी अभियानों को तेज करने, नदी तल की कड़ी निगरानी करने और प्रवर्तन एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने को जब्ती और एफआईआर में वृद्धि का कारण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता