home page

अवैध प्रवासियों की पहचान कर बिना देरी निर्वासित किया जाए : भाजपा

 | 
अवैध प्रवासियों की पहचान कर बिना देरी निर्वासित किया जाए : भाजपा


जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के पूर्व एमएलसी एवं प्रवक्ता गिरधारी लाल रैना ने जम्मू-कश्मीर में रह रहे बांग्लादेशी और म्यांमार के अवैध प्रवासियों की पहचान, सत्यापन और निर्वासन की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। उन्होंने करीब 600 बांग्लादेशी नागरिकों को चिन्हित किए जाने और इनमें से 150 लोगों के पहले जत्थे को श्रीनगर से बागडोगरा भेजे जाने की रिपोर्ट का स्वागत करते हुए कहा कि सभी सत्यापित मामलों में बिना अनावश्यक देरी के कार्रवाई होनी चाहिए।

रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने रोहिंग्या, बांग्लादेशी तथा अन्य दस्तावेजविहीन विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए सर्वे किए हैं। उनके अनुसार प्रदेश सरकार ने हाई लेवल कमेटी ऑन डेमोग्राफिक चेंज को करीब 8,160 दस्तावेजविहीन विदेशी नागरिकों का सत्यापित डाटा सौंपा है जबकि फर्जी दस्तावेजों के कारण वास्तविक संख्या अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने अवैध प्रवेश, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और अवैध बसावट में मदद करने वाले एजेंटों, बिचौलियों, मकान मालिकों व अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग की। रैना ने कहा कि संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस मामले को केवल प्रशासनिक विषय के रूप में नहीं देखा जा सकता। हालांकि उन्होंने सभी मामलों में उचित सत्यापन और कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा