home page

बिजबेहड़ा में अवैध भूमि म्यूटेशन घोटाला, पूर्व तहसीलदार समेत अन्यों पर केस दर्ज

 | 
बिजबेहड़ा में अवैध भूमि म्यूटेशन घोटाला, पूर्व तहसीलदार समेत अन्यों पर केस दर्ज


श्रीनगर, 09 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो ने बिजबेहड़ा में अवैध भूमि म्यूटेशन घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन तहसीलदार गुलाम रसूल भट, नायब तहसीलदार फैयाज अहमद वानी, पटवारी गुलाम नबी बांडे और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एसीबी के अनुसार वर्ष 2022 से 2024 के बीच करीब 1050 कनाल भूमि के 162 म्यूटेशन फर्जी तरीके से बिना रजिस्टर्ड ट्रांसफर डीड, स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस के सत्यापित किए गए जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा। जांच में सामने आया कि कथित तौर पर रिलींक्विशमेंट डीड के नाम पर असल में जमीन की बिक्री की गई और लेन-देन को छिपाने के लिए बिचैलियों व विभिन्न बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। यह पूरा मामला राजस्व कानूनों और स्टैंडिंग ऑर्डर 23 ए का गंभीर उल्लंघन पाया गया।

प्राथमिक जांच के आधार पर एसीबी ने एफआईआर नंबर 06/2026 थाना एसीबी अनंतनाग में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं 7 व 13 तथा आईपीसी की धारा 120-बी के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद कोर्ट की अनुमति से आरोपियों के घरों पर छापेमारी भी की गई। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया