आकाश भगत ने 2000 से ज्यादा छात्रों के भविष्य को लेकर मांगी राहत
जम्मू,, 06 मार्च (हि.स.)।
इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइजेशन के जम्मू प्रांत अध्यक्ष आकाश भगत ने क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू के मर्सी चांस परीक्षा परिणामों के बाद हजारों छात्रों के भविष्य पर मंडरा रहे संकट को लेकर गंभीर चिंता जताई है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि करीब 2000 से 2500 छात्र ऐसे हैं जिनकी ग्रेजुएशन एक या दो विषयों में असफल रहने के कारण अधूरी रह गई है, जबकि उन्होंने अपने कोर्स का अधिकांश हिस्सा पूरा कर लिया है। भगत ने कहा कि कई छात्र वर्षों से अपनी पढ़ाई पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं और अब मामूली अंकों की कमी के कारण उनका शैक्षणिक भविष्य खतरे में पड़ गया है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की कि छात्रों के हित में दयालु और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए ग्रेस मार्क्स, विशेष सप्लीमेंट्री परीक्षा या एकमुश्त राहत जैसे विकल्पों पर विचार किया जाए, ताकि प्रभावित छात्र अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर सकें और उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

