home page

गुड फ्राइडे पर सेंट पीटर कैथोलिक चर्च में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जुलूस में लिया भाग, क्रॉस की महत्ता पर दिया संदेश

 | 
गुड फ्राइडे पर सेंट पीटर कैथोलिक चर्च में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जुलूस में लिया भाग, क्रॉस की महत्ता पर दिया संदेश


जम्मू, 03 अप्रैल (हि.स.)। सेंट पीटर कैथोलिक चर्च में आज गुड फ्राइडे के अवसर पर एक श्रद्धापूर्ण और भावुक जुलूस निकाला गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह आयोजन यीशु मसीह के क्रूस पर चढ़ाए जाने की स्मृति में किया गया जो त्याग, प्रेम और मुक्ति के संदेश को दर्शाता है। यह जुलूस कैंडल चर्च चौक, क्रिश्चियन कॉलोनी से शुरू होकर रेजिडेंसी रोड और विवेकानंद चौक से होते हुए चर्च परिसर में संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालु प्रार्थना और मौन के साथ आगे बढ़ते रहे जिससे माहौल अत्यंत शांत और भावुक बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान ‘स्टेशंस ऑफ द क्रॉस’ का मार्मिक मंचन भी किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने यीशु के कष्टों और बलिदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कई प्रतिभागी अपने कंधों पर क्रॉस उठाए हुए थे जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने इसे आस्था का अत्यंत भावुक दृश्य बताया।

इस अवसर पर सहायक पेरिश प्रीस्ट फादर ब्राबिन जैनी ने अपने संदेश में कहा कि क्रॉस ईश्वर के असीम प्रेम का प्रतीक है जो मानवता को पाप, नफरत और संघर्ष से बचाने के लिए दिया गया। उन्होंने कहा कि यह हमें जीवन की कठिनाइयों को समझने और उनसे उबरने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में पेरिश प्रीस्ट फादर अरुल निर्मल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने जम्मू पुलिस, नगर निगम और मीडिया का शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया। गुड फ्राइडे के इस पावन अवसर के बाद अब श्रद्धालु ईस्टर रविवार की तैयारी में जुट गए हैं जो यीशु मसीह के पुनरुत्थान और जीवन की विजय का प्रतीक है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा