home page

बागवानी से बढ़ेगी किसानों की आय, आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर

 | 
बागवानी से बढ़ेगी किसानों की आय, आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर


कठुआ, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उद्यान विभाग कठुआ की ओर से समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत बसोहली और बिलावर जोन के किसानों एवं किसान महिलाओं के लिए प्रशिक्षण-सह-क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम बसोहली स्थित हॉर्टिकल्चर कॉम्प्लेक्स तथा बिलावर के बेरिल-रामकोट स्थित सरकारी फल पौध नर्सरी में हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य उद्यान अधिकारी कठुआ अश्वनी शर्मा ने की। उन्होंने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी तकनीक अपनाने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर उत्पादन, गुणवत्ता और कृषि आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को वर्मी बेड, विभिन्न घटकों की स्वीकृतियां और साइट्रस पौधे वितरित किए गए। विशेषज्ञों ने गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, वैज्ञानिक बाग प्रबंधन, पौध पोषण, मिट्टी की सेहत, जल प्रबंधन और उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही फल एवं सब्जियों के मूल्य संवर्धन तथा विभागीय योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय विषय विशेषज्ञ संदीप गुप्ता, एमसीसी कठुआ डॉ. अंजू बाला, एचडीओ बसोहली सौरव शर्मा, बिलावर के प्रभारी एचडीओ सोहन लाल सहित विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान एवं किसान महिलाएं मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया