home page

कठुआ में भीषण सड़क हादसा-कार, ई-रिक्शा, बाइक और साइकिल की टक्कर, एक की मौत तीन घायल

 | 
कठुआ में भीषण सड़क हादसा-कार, ई-रिक्शा, बाइक और साइकिल की टक्कर, एक की मौत तीन घायल


कठुआ, 05 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ शहर से भागथली मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें 60 वर्षीय बलविंदर सिंह पुत्र गुरु बख्श निवासी वार्ड नंबर 8 कठुआ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्कूटी चालक को बचाने के प्रयास में एक कार चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार पहले ई-रिक्शा से टकराई और फिर बाइक व साइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया। हादसे में तीन अन्य घायलों में 74 वर्षीय धरोब सिंह पुत्र मल्हार सिंह निवासी वार्ड नंबर 11 कठुआ, 62 वर्षीय दर्शन सिंह निवासी वार्ड नंबर 8 कठुआ और 45 वर्षीय गगन सिंह पुत्र भरियान सिंह निवासी वार्ड नंबर 8 कठुआ शामिल हैं। घायलों को सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोटें आई हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया