जीएमसी कठुआ में ऐतिहासिक पहल-कैंसर उपचार कार्यक्रम की नींव, एचवीएसी उद्घाटन और दो बड़े एमओयू से स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल
कठुआ, 11 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसने जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य और वैज्ञानिक क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत की।
इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कैंसर ट्रीटमेंट एंड एजुकेशन प्रोग्राम का शिलान्यास किया जो क्षेत्र के लोगों को उन्नत कैंसर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही केंद्रीय पुस्तकालय में अत्याधुनिक सिस्टम का उद्घाटन भी किया गया जिससे छात्रों और चिकित्सकों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम की खास बात दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन रहे। पहला एमओयू होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (टाटा मेमोरियल सेंटर) और जीएमसी कठुआ के बीच हुआ जिसके तहत कैंसर उपचार सेवाओं को मजबूत किया जाएगा, साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
दूसरा एमओयू सीएसआईआर-भारतीय एकीकृत औषधि संस्थान और जीएमसी कठुआ के बीच हुआ जिसका उद्देश्य अनुसंधान, क्लिनिकल ट्रायल, प्रशिक्षण और नई चिकित्सा तकनीकों के विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया और इन पहलों को क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया। अपने संबोधन में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि ये साझेदारियां न केवल मेडिकल शिक्षा और शोध को मजबूत करेंगी बल्कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मरीजों को बेहतर और सुलभ कैंसर उपचार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। यह आयोजन प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर विधायक राजीव जसरोटिया, डॉ. भारत भूषण तथा प्रिंसिपल जीएमसी कठुआ डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

