home page

अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या पर शोक जताया

 | 

श्रीनगर, 12 नवंबर(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने गुरुवार को किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स की हत्या पर गहरा दुख और हैरानी जताई है। इन दोनों एसपीओ के गोलियों से छलनी शव एक जंगल से बरामद किए गए हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में बुखारी ने कहा कि उन्हें यह जानकर गहरा सदमा लगा है और बहुत दुख हुआ है कि किश्तवाड़ में ड्यूटी पर जाते समय लापता हुए दो एसपीओ के शव पास के एक जंगल में मिले हैं।

उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और परेशान करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस भारी नुकसान को सहने की शक्ति और साहस दे। दिवंगत आत्माओं को शांति मिले।

अधिकारियों ने बताया कि लापता होने के एक दिन बाद गुरुवार सुबह किश्तवाड़ के दूर-दराज के दच्छन इलाके से इन दो एसपीओ के शव बरामद किए गए। इनकी पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। वे दच्छन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप में तैनात थे और अपने कैंप से धरणा-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी पर जाते समय लापता हो गए थे।

अधिकारियों के अनुसार, मारे गए पुलिसकर्मियों के सर्विस हथियार मौके पर नहीं मिले हैं जिससे इसमें किसी आतंकी साजिश की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता