home page

पूर्व मंत्री एस. हरबंस सिंह के निधन पर अपनी पार्टी ने जताया शोक

 | 
पूर्व मंत्री एस. हरबंस सिंह के निधन पर अपनी पार्टी ने जताया शोक


जम्मू, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी ने पूर्व मंत्री एस. हरबंस सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन पर पार्टी के गांधी नगर स्थित कार्यालय में महासचिव एवं पूर्व एमएलसी विजय बकाया की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। हरबंस सिंह का निधन सोमवार को गांधी नगर स्थित उनके आवास पर हुआ।

इस दौरान जम्मू प्रांतीय अध्यक्ष एस. मनजीत सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। विजय बकाया ने कहा कि हरबंस सिंह के निधन से सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं मनजीत सिंह ने भी उनके निधन पर दुख जताते हुए परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। सभा में उपस्थित सभी नेताओं ने दिवंगत नेता के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा