home page

टाइनी स्कॉलर्स स्कूल में हिंदी कविता प्रतियोगिता आयोजित, नन्हे कवियों ने दिखाई प्रतिभा

 | 
टाइनी स्कॉलर्स स्कूल में हिंदी कविता प्रतियोगिता आयोजित, नन्हे कवियों ने दिखाई प्रतिभा


कठुआ, 20 नवंबर (हि.स.)। टाइनी स्कॉलर्स स्कूल के लोगेट मोड़ परिसर में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदी कविता प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इसमें पहली से चौथी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी काव्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में महिला सेल कठुआ की एसएचओ पीएसआई अनु राधा चौधरी मुख्य अतिथि जबकि सेवानिवृत्त शिक्षक एवं प्रसिद्ध डोगरी लोक कलाकार खजूर सिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, प्रकृति, देशभक्ति और सामाजिक मूल्यों जैसे विषयों पर कविताएं प्रस्तुत कीं। वर्ग ए (पहली व दूसरी कक्षा) में रियांश गुप्ता और कृषा जसरोतिया ने प्रथम, शरिया और जैस्वी ने द्वितीय तथा अभिनव पठानिया और अक्षिता ने तृतीय स्थान हासिल किया।

वहीं वर्ग बी (तीसरी व चौथी कक्षा) में अहाना प्रथम, भाग्यश्री और आव्या द्वितीय तथा मानीस, पलक और कृति तृतीय स्थान पर रहे। दोनों वर्गों में तीन-तीन विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि अनु राधा चौधरी और विशेष अतिथि खजूर सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। स्कूल की प्रबंध निदेशक मनीषा गुप्ता और प्रधानाचार्य पूजा गुप्ता ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समन्वय जूनियर विंग की कोऑर्डिनेटर ज्योति शर्मा ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया