home page

कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हुई इस मौसम की पहली बर्फबारी

 | 

श्रीनगर, 05 सितंबर (हि.स.)। कश्मीर के ऊंचे इलाकों में शनिवार को इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई जबकि मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ हल्की बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुमरी के पहाड़ी क्षेत्रों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर और आसपास के जिलों के कुछ हिस्सों में सुबह और दोपहर में बारिश हुई जिससे दिन का तापमान कुछ डिग्री गिर गया।

अधिकारियों ने बताया कि शहर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की खबरें हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को हल्की बारिश की संभावना है लेकिन अगले कुछ दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता